
मुंबई में रफ्तार थमी बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल आज भी जारी
- by Sandeep kumar
- Jan 09, 2019
- 86 views
मुंबई,
कर्मचारी उच्च वेतन, घाटे में चल रही बेस्ट का बजट
बृहन्मुंबई महानगर पालिका में जोड़े जाने और नए भत्ते समझौते पर विचार-विमर्श सहित
अनेक मांगों को लेकर बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) बस कर्मचारियों
द्वारा हड़ताल आज भी जारी है। गौरतलब है कि कुल 30500 कर्मचारी
इस हड़ताल में शामिल हैं। बेस्ट कर्मचारियों की इस हड़ताल को औद्योगिक न्यायालय ने
अवैध बताया है। बीएमसी प्रशासन ने साफ किया है कि हड़ताल करने वालों पर मेस्मा
(महाराष्ट्र एसेंशियल सर्विसेज) के तहत कार्रवाई होगी। दो हजार करोड़ के कर्ज में
डूबी बेस्ट को बीएमसी ने अब बेस्ट को पैसे देने से इंकार कर दिया है। जिसकी वजह से
बेस्ट कर्मचारियों के वेतन पर संकट आ गया है। बेस्ट वर्कर्स यूनियन के महासचिव
शशांक राव ने कहा कि हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है इसीलिए यह हड़ताल
हमने जारी रखने का फैसला किया है। हड़ताली कर्मचारी 2016 में
खत्म हुए कांट्रेक्ट को बढ़ाने, प्राइवेट बसों को किराए पर
लेने पर रोक और ग्रेच्युटी सहित वेतन संबंधित दूसरी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं।
हड़ताल की वजह से आम लोगों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में काफी परेशानी
का सामना करना पड़ रहा है, जिससे करीब 25 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। लोग ऑटो और प्राइवेट बसों का सहारा ले रहे हैं।
ऑटो वाले मनमानी कर जनता को परेशान न करें इसके लिए मुंबई पुलिस खुद ऑटो रूकवाकर
लोगों को बिठा रही है।
रिपोर्टर